P Sharma
अखिलेश यादव की मौजूदगी में लखनऊ मुख्यालय पर ली समाजवादी पार्टी की सदस्यता, 2027 के मिशन को लेकर भरा दम
लखनऊ/गोंडा।उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने गोंडा जिले में बड़ी सियासी सेंधमारी की है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुए सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार एवं जनपद गोंडा की सरदार पटेल सेवा संस्थान की मुख्य ट्रस्टी एवं प्रमुख समाजसेविका कमलेश निरंजन वर्मा ने बुधवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित मुख्यालय पर आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कौन हैं दोनों नए चेहरे –
1. कमलेश निरंजन वर्मा:लंबे समय से जनपद गोंडा की 295-मेहनौन विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक सेवा, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। सरदार पटेल सेवा संस्थान के माध्यम से वे समाज के विभिन्न पिछड़े वर्गों, विशेषकर महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं।
2. महेंद्र कुमार:उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में लगभग तीन दशकों तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे हैं। अपनी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति के पुलिस पदक सहित विभिन्न प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
पार्टी में शामिल होने के अवसर पर दोनों ने अखिलेश यादव के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे तथा जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने सपा की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
पार्टी सूत्रों का मानना है कि महेंद्र कुमार एवं कमलेश निरंजन वर्मा के समाजवादी पार्टी में शामिल होने से जनपद गोंडा, विशेषकर मेहनौन विधानसभा क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

