P Sharma
गिलौला थाना क्षेत्र के राजापुर खुर्द गांव में अनूप यादव के घर के सामने पड़ा मिला शव, पर्स से बरामद हुआ सामान, मोर्चरी में रखवाया गया शव
इकौना/श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र में 22 अक्टूबर को सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर खुर्द में अनूप यादव के मकान के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला।
सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका के दाहिने हाथ और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
*हुलिया और बरामद सामान -*
मृतका ने गेरुआ रंग के सितारों से जड़े कपड़े पहन रखे थे। कानों में पीली धातु की बालियां, पैरों में पायल और हाथों में मेहंदी लगी हुई थी। मौके से काले रंग का एक पर्स भी बरामद हुआ है, जिसमें शीशा, कंघी, पाउडर और मोबाइल चार्जर समेत अन्य सामान मिला है।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय, श्रावस्ती की मोर्चरी में रखवाया है और आसपास के थानों को सूचना भेज दी है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त महिला की पहचान करता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है तो तत्काल नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करे, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके और मामले का खुलासा हो सके।
संपर्क नंबर –
क्षेत्राधिकारी इकौना: 9454401380, 9208063104
प्रभारी निरीक्षक गिलौला: 9454404305, 8840367971

