गोंडा:दिल से दिल तक’ मुहिम के तहत लगा नि:शुल्क हृदय स्वास्थ्य शिविर, 250 मरीजों की हुई जाँच

P Sharma 

कर्नलगंज (गोंडा): युवाओं में तेजी से बढ़ रही ब्लड शुगर और हृदय संबंधी बीमारियों के खतरों को देखते हुए हिन्द इंस्टिट्यूट, ऑफ मेडिकल साइंस हिंद हॉस्पिटल बाराबंकी के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने “दिल से दिल तक” नाम से एक विशेष जागरूकता मुहिम की शुरुआत की है। इसी क्रम में श्री चित्रगुप्त इण्टर कॉलेज, कर्नलगंज के प्रांगण में एक नि:शुल्क हृदय स्वास्थ्य संगोष्ठी व शिविर का आयोजन किया गया।

नि:शुल्क जाँच और संगोष्ठी शिविर के दौरान डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव और डॉ. राहुल की टीम ने लगभग 250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों की नि:शुल्क ब्लड शुगर और ईसीजी जाँच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि कर्नलगंज की एसडीएम नेहा मिश्रा ने डॉ पंकज श्रीवास्तव एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं, जो भविष्य में गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। उन्होंने समय पर जाँच और उपचार को जीवन बचाने का सबसे सशक्त माध्यम बताया। हिन्द हॉस्पिटल सफेदाबाद बाराबंकी से

वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ पंकज कुमार श्रीवास्तव ने लोगों को हृदय रोगों से बचाव के लिए जीवनशैली में सुधार का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, “स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट व्यायाम या मॉर्निंग वॉक अनिवार्य है। साथ ही, भोजन में नमक, तेल और वसायुक्त मसालों का सेवन कम से कम करें।

विद्यालय के प्रबंधक वी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि आज के दौर में मधुमेह और हृदय रोग जैसी बीमारियाँ युवाओं को भी अपनी चपेट में ले रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है। भविष्य में भी विद्यालय द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा। प्रबंधन ने मुख्य अतिथि एसडीएम नेहा मिश्रा और डॉ. पंकज श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह पुष्पकुछ भेंटकर सम्मानित किया ।

 कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य जीके श्रीवास्तव के साथ-साथ पंकज मिश्र, राघवेंद्र द्विवेदी, टेक्नीशियन रवि और हिंद इंस्टिट्यूट के पीआरओ पंकज सिन्हा, उत्तम गुप्ता, शिल्पी पल्लवी का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *