केंद्र के 12 साल: गोंडा मेडिकल कॉलेज में 3 दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आगाज, 7.73 लाख आयुष्मान कार्ड धारकों को मिली नई सौगात

राकेश कुमार
गोंडा, 14 जून 2026,केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को मेडिकल कॉलेज गोंडा में तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।

मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है। गोंडा में अब तक 7.73 लाख से ज्यादा कार्ड बन चुके हैं। उन्होंने स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को हर मरीज को बेहतर परामर्श देने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में वेंकटाचार्य क्लब में खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का भी उद्घाटन हुआ। मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।

प्रेस वार्ता में मंत्री ने बताया कि जनधन से 14.22 लाख खाते, पीएम आवास से 86 हजार मकान और पीएम किसान से 4.45 लाख किसानों को 1958 करोड़ की मदद मिली। जनपद में खाद्यान्न उत्पादन भी 8.43 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 9.34 लाख मीट्रिक टन हुआ है।
कार्यक्रम में विधायक रमापति शास्त्री, प्रेम नारायण पाण्डेय, बावन सिंह, विनय द्विवेदी, प्रभात वर्मा, सांसदों के प्रतिनिधि व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

