P Sharma
*गोंडा* | जान की बाजी लगाकर सरयू नहर में डूब रहे युवक की जान बचाने वाले धानेपुर थाने के हेड कांस्टेबल पवन यादव को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मामला धानेपुर क्षेत्र के अलावल देवरिया स्थित सरयू नहर का है। यहां एक व्यक्ति के डूबने की सूचना पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। देखा गया कि एक अज्ञात युवक नहर के तेज बहाव में बह रहा था और डूबता-उतराता हुआ मदद के लिए पुकार रहा था।
*जान जोखिम में डालकर बचाई जान*
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल पवन यादव ने सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक तक पहुंचकर उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।
बाद में युवक की पहचान राकेश कुमार पुत्र स्व. नानबाबू, निवासी मोहल्ला खलबा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा के रूप में हुई। सूचना पर उसके चाचा बाबूलाल को बुलाकर विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
*एसपी ने किया सम्मानित*
इस सराहनीय एवं साहसिक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल ने हेड कांस्टेबल पवन यादव को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
एसपी ने कहा कि हेड कांस्टेबल पवन यादव द्वारा मानव जीवन की रक्षा के लिए दिखाया गया साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता अत्यंत सराहनीय है। यह पूरे पुलिस बल के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।

