P Sharma
गोंडा: मेहनत की उड़ान ने रचा इतिहास, संघ ने किया भव्य स्वागत
*गोंडा.* कहा जाता है कि हालात चाहे जैसे हों, हौसले बुलंद हों तो मंजिल जरूर मिलती है। विकासखंड वजीरगंज के ग्राम पंचायत अनभुला के सफाई कर्मचारी अखिलेश सिंह के बेटे कीर्तिवर्धन सिंह ने इसी कहावत को सच कर दिखाया।
अभावों में पले-बढ़े कीर्तिवर्धन ने कठिन परिश्रम से दरोगा पद पर चयनित होकर न सिर्फ अपने परिवार का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे कर्मचारी वर्ग के लिए प्रेरणा बन गए।
सोमवार को पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कीर्तिवर्धन के आवास पहुंचकर फूल-माला, मिठाई, हनुमान जी की तस्वीर और गमछा भेंट कर सम्मानित किया।
जिलाध्यक्ष श्री तिवारी ने कहा कि “कीर्तिवर्धन ने साबित कर दिया कि सफाई कर्मी का बेटा भी वर्दी पहन सकता है। ये सफलता हर उस बच्चे के लिए संदेश है जो सोचता है कि संसाधन कम हैं तो सपना बड़ा नहीं देख सकते।”
उन्होंने संघ की ओर से आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी कर्मचारी के बच्चे को पढ़ाई में मदद चाहिए तो संघ हर संभव सहयोग करेगा।
इस मौके पर पूर्व प्रधान पिंटू सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सनीराम कनौजिया, राम सजीवन तिवारी, लोकनाथ शुक्ला, अतुल तिवारी सहित दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

