P Sharma
गोष्ठी में विभिन्न कृषि सम्बन्धी विभागों एवं प्रगतिशील किसानों द्वारा लगाए गए स्टालों का जिलाधिकारी ने किया अवलोकन
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PDMC) के अन्तर्गत मण्डलीय गोष्ठी में मण्डल के प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित
गोण्डा 10 दिसम्बर,2025।उद्यान विभाग, गोण्डा के परिसर में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PDMC) के अन्तर्गत मण्डलीय गोष्ठी का आयोजन जिले के कृषि विकास एवं आधुनिक तकनीक के प्रसार हेतु महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी गोण्डा, श्रीमती प्रियंका निरंजन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर गोष्ठी की गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन किया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में जिलाधिकारी ने उद्यान विभाग सहित विभिन्न कृषि सम्बन्धी विभागों एवं प्रगतिशील किसानों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। ये स्टाल आधुनिक कृषि तकनीकों, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, फसल विविधीकरण, नई खेती पद्धतियों तथा सरकारी अनुदान योजनाओं की जानकारी से सुसज्जित थे। जिलाधिकारी ने प्रदर्शित नवाचारों और तकनीकों की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों तक इन जानकारियों को सरल और प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाए ताकि किसान आधुनिक कृषि का लाभ उठाकर अपनी उपज और आय में वृद्धि कर सकें।
गोष्ठी के दौरान जनपद के प्रगतिशील किसानों को उनकी उत्कृष्ट कृषि उपलब्धियों, नवीन प्रयोगों तथा क्षेत्र में आदर्श स्थापित करने के लिए साल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सम्मानित किसानों की कार्यशैली को अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि ऐसे किसान मण्डल एवं जनपद के समग्र कृषि विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना—‘हर खेत को पानी’—का उद्देश्य सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के माध्यम से किसानों के खेतों तक न्यूनतम जल व्यय में अधिकतम सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र किसानों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें, तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलम्ब न हो।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण, अनुदान योजनाओं की समयबद्ध जानकारी तथा फील्ड डेमो के माध्यम से सक्षम बनाया जाए, ताकि वे बदलते कृषि परिवेश में प्रतिस्पर्धी बन सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भी विभागीय अधिकारियों से संवाद कर अपने अनुभव साझा किए। उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि PDMC के अन्तर्गत सूक्ष्म सिंचाई (ड्रिप एवं स्प्रिंकलर) को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए कृषि क्षेत्र में नवाचारी कदम उठाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का सफल संचालन उद्यान विभाग द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपनिदेशक कृषि, उपनिदेशक रेशम, उपनिदेशक उद्यान, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

