P Sharma
रामपुर।नैनीताल से घूमकर लौट रहे दान सिंह अपने परिवार के साथ बेहटरा गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्विफ्ट कार काशीपुर क्षेत्र के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही पलों में खुशियों से भरा सफर मातम में बदल गया।
जैसे ही आग लगी तुरंत दान सिंह, उनकी पत्नी लता सिंह और चाचा रवि किसी तरह जान बचाकर कार से बाहर कूद गए। बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद उन्हें एहसास हुआ कि दो साल का बेटा लड्डू कार के अंदर ही फंसा रह गया है। यह एहसास होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आग का रूप विकराल हो गया।
बच्चे को आग में फंसा देख मां लता सिंह बिना सोचे समझे , कार की ओर लपकीं की जल्दी से अपने बच्चे को बचा लें,उन्होंने बेटे को बचाने की पूरी कोशिश की, परंतु तेज लपटों की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गईं।मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार लता सिंह उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में महिला सिपाही के पद पर तैनात थीं। छुट्टी लेकर वह अपने गांव आई हुई थीं और परिवार के साथ नैनीताल घूमने गई थीं।

